केशकाल में निकली 'जल जंगल यात्रा 2.0', विधायक नीलकंठ टेकाम क... - CG Sandesh

केशकाल में निकली 'जल जंगल यात्रा 2.0', विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में 11.38 किमी पदयात्रा

केशकाल : कोंडागांव जिले के केशकाल में पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को 'जल जंगल यात्रा 2.0' का आयोजन किया गया। विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में भीषण गर्मी के बावजूद सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 11.38 किलोमीटर लंबी पदयात्रा कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

केशकाल बाईपास क्षेत्र के जंगलों और पहाड़ियों के बीच निकाली गई इस यात्रा में विधायक नीलकंठ टेकाम के अलावा स्थानीय नागरिक, पुलिस विभाग, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि 'जल जंगल यात्रा 2.0' का उद्देश्य केशकाल की प्राकृतिक सुंदरता को बस्तर सहित देशभर के लोगों तक पहुंचाना, पर्यटन को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने यह भी कहा कि केशकाल बाईपास के निर्माण के बाद घाट क्षेत्र में लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिली है, जिससे यातायात सुगम हुआ है और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

गौरतलब है कि विधायक नीलकंठ टेकाम इससे पहले भी केशकाल बाईपास क्षेत्र में पदयात्रा कर चुके हैं। इस बार 'जल जंगल यात्रा 2.0' के माध्यम से विकास और पर्यावरण संरक्षण का संदेश एक साथ देने का प्रयास किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।



अन्य सम्बंधित खबरें