राजनांदगांव : मनघटा दुष्कर्म कांड के बाद रिसोर्ट संचालक एकजु... - CG Sandesh

राजनांदगांव : मनघटा दुष्कर्म कांड के बाद रिसोर्ट संचालक एकजुट, पर्यटकों के लिए नए सुरक्षा नियम लागू

राजनांदगांव : मनघटा स्थित एक रिसोर्ट में युवती के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र के रिसोर्ट संचालकों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मनघटा रिसोर्ट ऑनर एसोसिएशन की बैठक में पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई सख्त नियम लागू करने पर सहमति बनी है।

एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार अब रात 8 बजे के बाद किसी भी रिसोर्ट में नए मेहमानों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा रिसोर्ट में आने वाले मेहमानों के शराब सेवन पर भी पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी रिसोर्ट में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान की पुष्टि के लिए आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र की जांच अनिवार्य होगी। बिना वैध पहचान पत्र के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

एसोसिएशन ने यह भी तय किया है कि यदि किसी रिसोर्ट में शराब परोसते या शराब सेवन कराते हुए पाया गया, तो संबंधित रिसोर्ट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे 15 दिनों के लिए सील किया जाएगा।

गौरतलब है कि राजनांदगांव और दुर्ग जिले की सीमा पर स्थित मनघटा वन चेतना केंद्र के आसपास 100 से अधिक रिसोर्ट संचालित हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने आते हैं। इन रिसोर्टों में आसपास के गांवों के 800 से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिला हुआ है।

रिसोर्ट संचालकों का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा और क्षेत्र की सकारात्मक पहचान बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



अन्य सम्बंधित खबरें