एमसीबी जिला अस्पताल में 5-बिस्तरीय डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ... - CG Sandesh

एमसीबी जिला अस्पताल में 5-बिस्तरीय डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगा किडनी मरीजों को उपचार

चिरमिरी : एमसीबी जिले के चिरमिरी जिला अस्पताल के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिला अस्पताल में अत्याधुनिक 5-बिस्तरीय डायलिसिस यूनिट और 30 बिस्तर अस्पताल का शुभारंभ किया। नई सुविधा शुरू होने से अब किडनी मरीजों को डायलिसिस के लिए अंबिकापुर, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, डायलिसिस यूनिट के शुरू होने से जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों को स्थानीय स्तर पर समय पर उपचार मिलेगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को लंबी दूरी की यात्रा, अतिरिक्त खर्च और मानसिक परेशानी से भी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जिला और ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष जून तक चिकित्सकों के आवास का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा जिला अस्पताल में अटल पैथोलॉजी लैब और सीटी स्कैन मशीन भी जल्द शुरू की जाएगी, जिससे मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नई डायलिसिस यूनिट रविवार सहित सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक संचालित होगी, ताकि जरूरतमंद मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एमसीबी जिला अस्पताल में शुरू हुई यह नई स्वास्थ्य सुविधा जिले की चिकित्सा सेवाओं को नई मजबूती देने के साथ-साथ हजारों किडनी मरीजों के लिए राहत और उम्मीद की नई किरण साबित होगी।



अन्य सम्बंधित खबरें