कोरबा: जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली के कथित अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
कोरबा : भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पर हुए जानलेवा हमले के मामले के बाद कोरबा जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली के सीतामणी स्थित कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता पर हुए हमले की जांच के दौरान रज्जाक अली का नाम सामने आने के बाद प्रशासन ने उनके निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। जांच में संबंधित निर्माण को कथित रूप से अवैध पाए जाने के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन की निगरानी में बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाने का काम जारी रहा।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुटे रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कार्रवाई को अवैध निर्माण हटाने की नियमित प्रक्रिया बताया गया है, जबकि इस मामले में रज्जाक अली की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।