केशकाल में 'जल जंगल यात्रा 2.0' में उमड़ा जनसैलाब, पर्यावरण ... - CG Sandesh

केशकाल में 'जल जंगल यात्रा 2.0' में उमड़ा जनसैलाब, पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास का दिया संदेश

केशकाल : कोंडागांव जिले के केशकाल घाट में रविवार को प्रकृति, पर्यावरण और विकास का अनूठा संगम देखने को मिला। विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में आयोजित 'जल जंगल यात्रा 2.0' में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के माध्यम से जल संरक्षण, वन संरक्षण, जैव विविधता और पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस दौरान विधायक ने वर्षों से लंबित केशकाल बाईपास परियोजना को लेकर भी बड़ी घोषणा की।

गढ़सिलियारा से शुरू हुई इस पदयात्रा में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। करीब पांच घंटे तक चली यात्रा में प्रतिभागियों ने जंगलों और पहाड़ियों के बीच 11.38 किलोमीटर की पदयात्रा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

यात्रा के दौरान वैद्यराज ने प्रतिभागियों को क्षेत्र में पाए जाने वाले औषधीय पौधों और जंगली वनस्पतियों की जानकारी दी। साथ ही जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

इस अवसर पर विधायक ने बताया कि 308 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 11.38 किलोमीटर लंबे केशकाल बाईपास का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और अगले डेढ़ वर्ष में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने के बाद केशकाल घाट में लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही छत्तीसगढ़ का तमिलनाडु, कर्नाटक और ओडिशा जैसे राज्यों से सड़क संपर्क और व्यापारिक गतिविधियां भी अधिक सुगम होंगी।

'जल जंगल यात्रा 2.0' के जरिए पर्यावरण संरक्षण और विकास को साथ लेकर चलने का संदेश दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।



अन्य सम्बंधित खबरें