दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुआ अड्डे पर छापा, 8 जुआरी गिरफ्तार, ₹5.20 लाख की संपत्ति जब्त
दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित एक जुआ अड्डे पर छापेमारी कर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने ₹1.82 लाख नकद, 8 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिल सहित कुल ₹5.20 लाख की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई-3 के ग्राम गनियारी स्थित बड़कू दाऊ की बाड़ी में बने मकान के अंदर कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुरानी भिलाई पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 8 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से ₹1,82,670 नकद, 8 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य ₹5,20,170 आंका गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 5 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।