अगले दो दिनों तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, ... - CG Sandesh

अगले दो दिनों तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

नई दिल्ली : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के दौरान देश के कई राज्यों में तेज से बहुत तेज बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने पश्चिम बंगाल के हिमालयी तराई क्षेत्र और सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी भारत, छत्तीसगढ़, झारखंड, कर्नाटक, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना और विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश हो सकती है।

विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

इसके अलावा बिहार, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, लक्षद्वीप तथा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में रविवार को लू चलने की चेतावनी भी जारी की है। हालांकि, दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना भी व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।



अन्य सम्बंधित खबरें