CG : मछली व्यापारी की हत्या का खुलासा, मजदूरी बढ़ाने को लेकर हुआ था विवाद, तीन आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। जिले के नगरी थाना क्षेत्र में मछली व्यापारी की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का नगरी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। आरोपियों ने मजदूरी बढ़ाने को लेकर हुए विवाद और रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी नगरी, थाना नगरी और साइबर सेल के सहयोग से तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के मुताबिक मृतक विप्लव मंडल निजी फिश फार्म संचालित करता था। उसके यहां काम करने वाले आरोपी लंबे समय से मजदूरी बढ़ाने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने और कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार से नाराज होकर उन्होंने हत्या की साजिश रची। 25 जून को योजना सफल नहीं हो सकी, जिसके बाद 27 जून को दोबारा योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
आरोपियों ने नगरी बाजार से मछली बेचकर लौट रहे विप्लव मंडल की गतिविधियों पर नजर रखी और गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग के सुनसान जंगल में घात लगाकर बैठे। वहां पहुंचते ही लकड़ी के डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके पास रखी नगदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए तथा रकम आपस में बांट ली।
मर्ग जांच, गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नगरी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(6) और 311 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी
टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19)
सुरेंद्र यादव (26)
जगदीश विश्वकर्मा (50)
तीनों आरोपी ग्राम बोईरगांव, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद के निवासी हैं। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी चिन्हित किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।