CG : शहर के बीचों-बीच देह व्यापार का खुलासा, तीन महिलाएं समेत 6 लोग गिरफ्तार
दुर्ग। पुलिस ने शहर के बीचों-बीच इंदिरा मार्केट स्थित एक लॉज में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अनैतिक देह व्यापार का खुलासा किया है। सिटी कोतवाली थाना और एसीसी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से नगद राशि, मोबाइल फोन, कंडोम पैकेट सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
दुर्ग के इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में शनिवार शाम सिटी कोतवाली थाना और एसीसी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमार कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान लॉज में दो पुरुष और तीन महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। मौके पर लॉज का संचालन करने वाला व्यक्ति भी मौजूद था।
पुलिस ने मौके से करीब 20 हजार रुपये नगद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। मामले में पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ के उद्देश्य से कथित अनैतिक देह व्यापार का संचालन कर रहे थे। वही दुर्ग पुलिस ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित देह व्यापार के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।