खैरागढ़ में पल्स पोलियो अभियान का दूसरा दिन: घर-घर पहुंचीं स... - CG Sandesh

खैरागढ़ में पल्स पोलियो अभियान का दूसरा दिन: घर-घर पहुंचीं स्वास्थ्य टीमें, छूटे बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दो बूंद

खैरागढ़ : राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई, जो अभियान के पहले दिन किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके थे। अभियान का उद्देश्य जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पहुंचाना है।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, डॉ. मनीष बघेल, के.पी. साहू, आर.पी. गढ़वाल और डी.एल. सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर वैक्सीनेटर टीमों के कार्यों का निरीक्षण किया।

अभियान की गुणवत्ता और कवरेज का जायजा लेने के लिए राज्य स्तर से डॉ. राजा प्रधान तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रतिनिधि डॉ. असीम खान भी जिले पहुंचे और अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें तत्काल दवा पिलाने और सभी अभिलेखों का सही संधारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।



अन्य सम्बंधित खबरें