CG : आकाशीय बिजली गिरने से पेड़ के नीचे खड़े दो बच्चों और एक... - CG Sandesh

CG : आकाशीय बिजली गिरने से पेड़ के नीचे खड़े दो बच्चों और एक युवक की मौत

सरगुजा। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरे प्रदेश में सक्रिय हो चुका है और इसके साथ ही मौसम का मिजाज भी पूरी तरह बदल गया है। सोमवार शाम सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। पेड़ के नीचे खड़े दो बच्चों और एक युवक की बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 12 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।

जानकारी के अनुसार, बच्चे आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान पास में मवेशी चरा रहा एक युवक भी वहां आ गया। अचानक तेज गर्जना के साथ पेड़ पर बिजली गिर गई, जिससे चारों इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 5 वर्षीय सागर, 9 वर्षीय रानी और 36 वर्षीय राम साय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्रद्धा (12) गंभीर रूप से घायल हो गई।

इधर, बिलासपुर में सोमवार शाम तेज आंधी और बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कलेक्टर बंगले के पास एक विशाल पेड़ कार पर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, कार में सवार लोग सुरक्षित बच गए। पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूट गए, जिससे आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे छत्तीसगढ़ में फैल चुका है। अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।


अन्य सम्बंधित खबरें