रामगढ़ महोत्सव 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- रामगढ... - CG Sandesh

रामगढ़ महोत्सव 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- रामगढ़ की ऐतिहासिक विरासत को दिलाएंगे वैश्विक पहचान

सरगुजा जिले के ऐतिहासिक दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रामगढ़ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन का केंद्र नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा, आस्था, इतिहास और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रामगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनश्रुतियों के अनुसार भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने वनवास के दौरान इस क्षेत्र में समय बिताया था। सीताबेंगरा गुफा आज भी श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि सीताबेंगरा गुफा को भारत की सबसे प्राचीन नाट्यशालाओं में से एक माना जाता है, जबकि जोगीमारा गुफा अपनी प्राचीन भित्तिचित्र कला के लिए विश्वविख्यात है। वहीं हाथीपोल जैसी प्राकृतिक शैल संरचनाएं और महाकवि कालिदास के मेघदूतम् से जुड़ी मान्यताएं रामगढ़ के ऐतिहासिक और साहित्यिक महत्व को और बढ़ाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रामगढ़, सीताबेंगरा और जोगीमारा जैसे पर्यटन एवं विरासत स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां की समृद्ध संस्कृति और इतिहास से परिचित हो सकें। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भविष्य में रामगढ़ महोत्सव का आयोजन हर वर्ष और अधिक भव्य स्वरूप में किया जाएगा।

रामगढ़ विकास के लिए 1 करोड़, नई नगर पंचायत की घोषणा

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रामगढ़ क्षेत्र के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही स्थानीय मांग को देखते हुए उदयपुर और डूमरडीह को मिलाकर नई नगर पंचायत बनाने की घोषणा भी की।

विकास योजनाओं का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरगुजा जिले में 2,387 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और प्रतिदिन करीब 1,600 आवास बनकर तैयार हो रहे हैं।

उन्होंने किसानों के लिए 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल धान खरीदी, 13 लाख किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस, महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना, रामलला दर्शन योजना, तीर्थयात्रा दर्शन योजना, युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

नक्सलवाद पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति के चलते बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि पुनर्वासित नक्सलियों और विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) परिवारों को भी आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

पहाड़ी कोरवा बच्चों का कराया शाला प्रवेश

समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के छह बच्चों का विधिवत शाला प्रवेश कराया। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और स्कूल बैग, वॉटर बॉटल सहित अध्ययन सामग्री भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स हुए सम्मानित

मुख्यमंत्री ने 26 से 30 जून के बीच सरगुजा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर डॉक्यूमेंट्री तैयार करने वाले टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, शकुंतला पोर्ते, उद्देश्वरी पैंकरा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



अन्य सम्बंधित खबरें