राजनांदगांव : स्कूल में शराबियों का जमावड़ा, बाउंड्री वॉल की... - CG Sandesh

राजनांदगांव : स्कूल में शराबियों का जमावड़ा, बाउंड्री वॉल की मांग; सरपंच ने दी आंदोलन की चेतावनी

राजनांदगांव : जिले के जनपद पंचायत डोंगरगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत पिंकापार स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में बाउंड्री वॉल नहीं होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल के पास शराब दुकान होने के कारण शाम होते ही असामाजिक तत्व स्कूल परिसर में एकत्र होकर शराब पीते हैं और परिसर में गंदगी फैलाने के साथ शराब की खाली बोतलें एवं कांच के टुकड़े छोड़ जाते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।

ग्राम पंचायत पिंकापार के सरपंच मोहन कंवर ने बताया कि पिछले 20 से 25 वर्षों से प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय एक ही परिसर में संचालित हो रहे हैं। स्कूल में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि बाउंड्री वॉल नहीं होने से बच्चे खेलते-खेलते सड़क तक पहुंच जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

सरपंच ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल से करीब एक किलोमीटर दूरी पर स्थित शराब दुकान से आने-जाने वाले कुछ शराबी स्कूली बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। वहीं शाम के समय स्कूल परिसर और बरामदे में शराबियों का जमावड़ा लगने से शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि असामाजिक तत्व स्कूल परिसर में लगे नलों और शौचालय में भी तोड़फोड़ करते हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल बाउंड्री वॉल निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे विरोध प्रदर्शन करते हुए स्कूल में तालाबंदी करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



अन्य सम्बंधित खबरें