कोरबा : हसदेव डेम में युवती का शव मिलने से सनसनी, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
कोरबा : जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित हसदेव डेम में एक 30 वर्षीय युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान दर्री थाना के पीछे स्थित नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी निवासी नंदनी मेहर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, नंदनी घर से ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। सुबह घर पर नहीं मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान स्थानीय लोगों से हसदेव डेम में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है।