खरीफ सीजन में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 202 बोरी संदिग्ध डीएपी खाद जब्त
खैरागढ़ : खरीफ सीजन 2026 के दौरान नकली खाद, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के अभियान के तहत कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पांडुका में 202 बोरी संदिग्ध डीएपी खाद जब्त की है। खाद के भंडारण और खरीदी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने पूरा स्टॉक जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देशन और उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम पांडुका निवासी राजेश वर्मा के गोदाम में महाराष्ट्र निर्मित डीएपी खाद किसानों को 1,900 रुपये प्रति बोरी की दर से बेची जा रही है।
सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम ने गोदाम की जांच की, जहां से 202 बोरी डीएपी खाद बरामद हुई। पूछताछ के दौरान राजेश वर्मा ने खाद को मनोज वर्मा का बताया, लेकिन खरीदी और भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद विभाग ने पूरे स्टॉक को जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें, खरीद का पक्का बिल अवश्य लें तथा कालाबाजारी, अवैध भंडारण या नकली खाद की जानकारी तत्काल विभाग को दें। कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक लुकमान साहू सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।