दुर्ग : बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, स्मार्ट मीटर तोड़कर जताया विरोध
दुर्ग : छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई 6.23 प्रतिशत वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को दुर्ग में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने की मांग करते हुए राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।
कलेक्टर परिसर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्मार्ट मीटर लेकर पहुंचे। विरोध जताते हुए प्रदर्शनकारियों ने कई स्मार्ट मीटर जमीन पर पटककर तोड़ दिए, जिससे कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया।
आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि बिजली उत्पादन करने वाले राज्य में ही उपभोक्ताओं को महंगी बिजली मिल रही है। उनका आरोप है कि पिछले तीन वर्षों में बिजली दरों में 16.47 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि बिजली आपूर्ति और उपभोक्ता सेवाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
पार्टी ने बिजली कंपनी के वित्तीय घाटे की स्वतंत्र जांच कराने, स्मार्ट मीटरों की थर्ड पार्टी जांच, विवादित बिजली बिलों की समीक्षा तथा सरकारी विभागों और बड़े बकायेदारों से लंबित राशि की वसूली की मांग की है। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि 16 जुलाई तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।