कोंडागांव : स्कूली बच्चों के बीच सादगी से मनाया एसडीएम का जन... - CG Sandesh

कोंडागांव : स्कूली बच्चों के बीच सादगी से मनाया एसडीएम का जन्मदिन, खुद परोसा भोजन और किया पौधरोपण

कोंडागांव : जिले के फरसगांव स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बाजारपारा में एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम ने अपना जन्मदिन सादगी और सामाजिक सरोकार के साथ स्कूली बच्चों के बीच मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और आयोजित नेवता भोज में स्वयं विद्यार्थियों को भोजन परोसा। बाद में वे बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करते भी नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में आत्मीय और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला। एसडीएम ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा का महत्व बताते हुए अनुशासन, स्वच्छता और जीवन में कड़ी मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील भी की।

इस अवसर पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। एसडीएम ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्वादिष्ट भोजन तैयार करने वाली रसोइया दीदियों को सम्मानित भी किया गया। आयोजन में विद्यालय के शिक्षक, उम्मीद सामाजिक संस्था के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एसडीएम की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए प्रेरणादायक और समाज के लिए सकारात्मक संदेश देने वाला आयोजन बताया।



अन्य सम्बंधित खबरें