CG : अवैध खदान में खुदाई के दौरान भरभराकर गिरी चट्टान, दबने से दो मजदूरों की मौके पर मौत
सूरजपुर। जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। लांची गांव स्थित अवैध खदान में खुदाई के दौरान अचानक चट्टान भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, लांची गांव के पास संचालित अवैध खदान में मजदूर खुदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खदान की चट्टान ढह गई और वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को मलबे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने में जुटी है कि खदान संचालन किसके द्वारा किया जा रहा था।
मृतकों में ये शामिल
बाबु लाल (18), पिता धनेसवर सिंह गोड़
जय पाल (18) पिता जय सिंह गोड़
ग्रामीणों ने देखा तो मौके पर पहुंचे
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद हम मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि मिट्टी और पत्थर धंसकर गिर चुके थे। हमने दोनों युवकों को वहां जाते देखा था और उन्हें मना भी किया था। उन्होंने कहा था कि वे लौट रहे हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों मलबे के नीचे दबे मिले। जब तक पत्थर हटाकर उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
मृतक के भाई ज्वाला प्रसाद ने बताया भाई घर से कब निकला पता ही नहीं चला। खाना खाने के बाद मैं काम में जाने वाला था तभी मुझे जानकारी मिली कि हादसा हो गया है।