राजनांदगांव: फर्जी दस्तावेजों से सिम कार्ड बेचने वाला पीओएस संचालक गिरफ्तार, 35 सिम जारी करने का खुलासा
राजनांदगांव : जिले के घुमका थाना क्षेत्र में फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर अन्य व्यक्तियों के नाम पर मोबाइल सिम कार्ड जारी करता था।
पुलिस के अनुसार, घुमका थाना क्षेत्र में मोबाइल सिम बेचने वाले एक व्यक्ति द्वारा ग्राहकों के दस्तावेज लेकर उनका उपयोग अन्य लोगों के लिए फर्जी तरीके से सिम जारी करने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर घुमका थाना पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आया कि पीओएस (Point of Sale) संचालक नवनीत कुमार साहू फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा करीब 35 सिम कार्ड फर्जी तरीके से जारी किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन सिम कार्डों का उपयोग किन-किन लोगों ने और किस उद्देश्य से किया।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।