कांकेर: चारामा पुलिस ने तीन चोरी के मामलों का किया खुलासा, 4... - CG Sandesh

कांकेर: चारामा पुलिस ने तीन चोरी के मामलों का किया खुलासा, 4 आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

कांकेर : जिले की चारामा पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 84 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान एवं नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 30 जून की रात चारामा नगर में दुकानों और सूने मकानों के ताले तोड़कर गैस सिलेंडर, ड्रिल मशीन, हेमर मशीन, चांदी की मूर्तियां, कांसे के गिलास और नकदी की चोरी की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चारामा और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 2 हजार से अधिक मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरज देवागन उर्फ टोटो, संजू सोनकर, प्रमोद गंगाधर उर्फ टकसु, प्रीतम सिंह तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सभी ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गैस सिलेंडर, ड्रिल मशीन, हेमर मशीन, दो चांदी की मूर्तियां, दो मोबाइल फोन, बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, लोहे के रॉड, कांसे के गिलास और 11,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने फरसगांव क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सूरज देवागन उर्फ टोटो थाना चारामा का निगरानी बदमाश है, जिसके खिलाफ चोरी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना चारामा और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। साथ ही पुलिस ने नागरिकों से घर और दुकानों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



अन्य सम्बंधित खबरें