सरगुजा: शराब दुकान में ओवररेटिंग का खुलासा, आबकारी विभाग की कार्रवाई में 20 रुपये अधिक वसूले जाने की पुष्टि
सरगुजा : जिले में शराब दुकानों में ओवररेटिंग की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला आबकारी अधिकारी एल.के. गायकवाड़ के निर्देशन में विभागीय टीम ने बतौली स्थित मदिरा दुकान में औचक जांच की, जिसमें ग्राहक बनाकर भेजे गए व्यक्ति से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने का मामला सामने आया।
आबकारी विभाग के अनुसार, जांच के दौरान विभाग की ओर से भेजे गए ग्राहक से दो बीयर की बोतलों पर निर्धारित कीमत से 20 रुपये अधिक वसूले गए। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान एक अन्य शिकायत भी सही पाई गई। जिला आबकारी अधिकारी एल.के. गायकवाड़ ने बताया कि बतौली की शराब दुकान निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से खोली गई, जो नियमों का उल्लंघन है।
वहीं, कार्रवाई के दौरान मारपीट की खबरों को जिला आबकारी अधिकारी ने पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जांच विभाग के अपने कर्मचारियों द्वारा की गई थी, इसलिए मारपीट जैसी घटना का कोई सवाल ही नहीं उठता। आबकारी उप निरीक्षक आकाश साहू ने भी मारपीट की बात से इनकार किया।
दूसरी ओर, दुकान में कार्यरत नितेश गुप्ता ने अपनी सफाई में कहा कि रात के समय दुकान बंद होने की स्थिति थी और 20 रुपये खुले नहीं होने के कारण ग्राहक को तत्काल राशि वापस नहीं की जा सकी।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले की सभी शराब दुकानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। यदि कहीं भी ओवररेटिंग, मिलावट या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।