बस्तर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, नकली खाद-बीज के विरोध में कृषि विभाग कार्यालय के सामने बजाया नगाड़ा
जगदलपुर में कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन
बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कृषि विभाग कार्यालय के सामने ढोल-नगाड़ा बजाकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से बाजार में कथित रूप से बिक रहे नकली डीएपी खाद और बीज के खिलाफ कार्रवाई तथा किसानों के हितों की रक्षा की मांग की गई।
किसानों के साथ धोखा होने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि किसानों को नकली और अमानक डीएपी खाद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि "भारत डीएपी" के नाम पर बाजार में बेची जा रही खाद गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतर रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सहकारी समितियों के जरिए भी सप्लाई का दावा
सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि कथित नकली और अमानक खाद-बीज केवल निजी दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि शासकीय लैम्प्स (LAMPs) और सहकारी समितियों के माध्यम से भी किसानों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने इसे किसानों और प्रदेश की कृषि व्यवस्था के लिए गंभीर मामला बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। सुशील मौर्य ने कहा कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने मांग की कि नकली खाद-बीज की आपूर्ति करने वाले दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।