12 हजार महीने के लालच में किराये पर दिया बैंक खाता, ₹1.69 कर... - CG Sandesh

12 हजार महीने के लालच में किराये पर दिया बैंक खाता, ₹1.69 करोड़ के साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा

खैरागढ़ : केसीजी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर फ्रॉड के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि एक कॉलेज छात्र ने महज ₹12 हजार प्रतिमाह के लालच में अपना बैंक खाता किराये पर दे दिया था। इसी खाते से करीब ₹1.69 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन होने का खुलासा हुआ, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।

कॉलेज छात्र के बैंक खाते से खुला पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, कॉलेज छात्र दीपक निर्मलकर ने अतिरिक्त आय के लालच में अपना बैंक खाता किराये पर उपलब्ध कराया था। जांच के दौरान इसी खाते में करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन सामने आए, जिसके आधार पर पुलिस ने पूरे नेटवर्क तक पहुंच बनाई।

मुंबई से संचालित हो रहा था नेटवर्क

जांच में पता चला कि आरोपी महाराष्ट्र के मुंबई स्थित पलावा सिटी के एक किराये के फ्लैट से ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी और साइबर फ्रॉड का संचालन कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह पिछले करीब दो वर्षों से विभिन्न राज्यों में सक्रिय था।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस के अनुसार, आरोपी फेयर प्ले, रेड्डी अन्ना, जयराम और शिवा बुक जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। मामले में साइबर फ्रॉड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

19 एटीएम कार्ड, 14 मोबाइल और लैपटॉप जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, 14 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप बरामद किया। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में मौजूद ₹5 लाख की राशि फ्रीज की गई है। जब्त सामग्री और फ्रीज की गई राशि सहित कुल ₹10.50 लाख की कार्रवाई की गई है।

चार आरोपी न्यायिक रिमांड पर, जांच जारी

पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और साइबर फ्रॉड के संभावित पीड़ितों की पहचान के लिए जांच जारी है।



अन्य सम्बंधित खबरें