बारिश में जलक्रीड़ा बनी जानलेवा, सतरेंगा में डूबने से एसईसीएल कर्मचारी की मौत
कोरबा : जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में बारिश के दौरान जलक्रीड़ा एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। पिकनिक मनाने गए छह दोस्तों में शामिल एसईसीएल कर्मचारी सुधांशु ध्रुव की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
गहरे पानी में उतरने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर कॉलोनी निवासी सुधांशु ध्रुव अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी बारिश का आनंद लेते हुए जलक्रीड़ा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि गहरे पानी में उतरने के दौरान सुधांशु अचानक डूबने लगा। जब तक उसके दोस्तों को स्थिति का पता चलता और वे उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अनुकंपा नियुक्ति पर एसईसीएल में थे कार्यरत
बताया गया कि पिता के निधन के बाद सुधांशु ध्रुव को एसईसीएल में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। उनकी असमय मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के साथ-साथ मानिकपुर कॉलोनी के लोगों में भी शोक व्याप्त है।
बारिश के मौसम में बरतें सावधानी
बारिश के दौरान नदी, बांध, जलाशयों और पर्यटन स्थलों पर जलस्तर बढ़ने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन समय-समय पर लोगों से गहरे पानी में न उतरने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील करता रहा है।