राजनांदगांव : रेलवे ओवरब्रिज धंसने के मामले में नया अपडेट: स... - CG Sandesh

राजनांदगांव : रेलवे ओवरब्रिज धंसने के मामले में नया अपडेट: सांसद संतोष पांडे ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, जांच और कार्रवाई की मांग

राजनांदगांव : जिले में पहली बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिजों का मामला अब दिल्ली तक पहुंच गया है। इस मुद्दे पर पहले ही खबर सामने आने के बाद अब नया घटनाक्रम सामने आया है। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं संबंधित फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

राजनांदगांव-डोंगरगढ़ रेलखंड पर ग्राम बरगा, आलीवारा और मुसरा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन एवं नागपुर मंडल के तहत केंद्र सरकार की गति शक्ति योजना के अंतर्गत करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से तीन रेलवे ओवरब्रिजों का निर्माण कराया गया था। इन पुलों का लोकार्पण जून 2026 में हुआ था, लेकिन जुलाई की पहली ही बारिश में ओवरब्रिजों के एप्रोच मार्ग धंसने और सड़क में लंबी दरारें आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

इस मामले में हाल ही में रेलवे के डीआरएम ने मौके का निरीक्षण किया था, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई सामने नहीं आई है। इसी बीच सांसद संतोष पांडे ने रेल मंत्री को भेजे पत्र में उल्लेख किया है कि नव-लोकार्पित पुल में लगभग 60 से 70 फीट लंबी और 15 से 20 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे पुल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पत्र में सांसद ने कहा है कि बारिश का पानी पुल की नींव तक पहुंचने से मिट्टी धंस गई, जिससे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त हुआ। उन्होंने इसे निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बताते हुए तकनीकी जांच कराने तथा दोषी निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

इस पूरे मामले को लेकर अब सभी की निगाहें रेल मंत्रालय की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जांच के आदेश जारी होते हैं तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर बड़ा खुलासा हो सकता है।



author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें