IMF रिपोर्ट: 7% विकास दर के अनुमान के साथ भारत दुनिया की सबस... - CG Sandesh

IMF रिपोर्ट: 7% विकास दर के अनुमान के साथ भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था

नई दिल्ली : अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत को एक बार फिर दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बताया है। आईएमएफ की ताज़ा वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक (World Economic Outlook) अपडेट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अगले वर्ष भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि दर 6.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हालांकि यह मौजूदा वर्ष की तुलना में मामूली कम है, लेकिन वैश्विक स्तर पर भारत की विकास गति सबसे मजबूत बनी हुई है।

आईएमएफ ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था को निजी उपभोग (Private Consumption) और सेवा क्षेत्र (Services Sector) में लगातार मजबूत गतिविधियों का समर्थन मिल रहा है। यही कारण है कि भारत का विकास अनुमान वैश्विक औसत से दोगुने से भी अधिक है।

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 में वैश्विक अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 3 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि अगले वर्ष इसके बढ़कर 3.4 प्रतिशत होने की संभावना जताई गई है।

वहीं, दुनिया की दूसरी सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था चीन की जीडीपी वृद्धि दर इस वर्ष 4.6 प्रतिशत और अगले वर्ष 4.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसके अलावा अमेरिका की अर्थव्यवस्था में इस वर्ष 2.3 प्रतिशत और अगले वर्ष 2.2 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है।

आईएमएफ की इस रिपोर्ट ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति और विकास क्षमता को एक बार फिर रेखांकित किया है। निजी खपत, सेवा क्षेत्र में विस्तार और घरेलू मांग को भारत की आर्थिक मजबूती के प्रमुख आधार के रूप में देखा जा रहा है।



अन्य सम्बंधित खबरें