भिलाई : महापौर परिषद की बैठक में तीजन बाई को श्रद्धांजलि, गनियारी स्कूल का नाम उनके नाम पर रखने का प्रस्ताव
भिलाई-चरोदा : नगर निगम भिलाई-चरोदा में गुरुवार को महापौर परिषद (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान पद्म विभूषण से सम्मानित छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार स्वर्गीय तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
महापौर निर्मल कोसरे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत, एमआईसी सदस्य तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ विभिन्न प्रशासनिक और जनहित के प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान एमआईसी के सभी सदस्यों ने स्वर्गीय तीजन बाई के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके लोक कला के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। परिषद ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि गनियारी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम स्वर्गीय पद्म विभूषण तीजन बाई के नाम पर रखा जाए। इस संबंध में प्रस्ताव अनुमोदन के लिए जिला कलेक्टर को भेजा जाएगा।
महापौर परिषद का मानना है कि गनियारी तीजन बाई का पैतृक गांव रहा है और उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति एवं पंडवानी कला को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई। ऐसे में उनके सम्मान में विद्यालय का नामकरण करना नई पीढ़ी को उनकी विरासत से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
अब इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय जिला प्रशासन और कलेक्टर स्तर पर लिया जाएगा। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो गनियारी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम आधिकारिक रूप से स्वर्गीय पद्म विभूषण तीजन बाई के नाम पर रखा जाएगा।