अभद्र टिप्पणी के बाद टोल प्लाजा में बवाल, कार्यालय में तोड़फ... - CG Sandesh

अभद्र टिप्पणी के बाद टोल प्लाजा में बवाल, कार्यालय में तोड़फोड़; दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

एमसीबी/नागपुर : एमसीबी जिले के नागपुर चौकी क्षेत्र स्थित ग्राम बरबसपुर के टोल प्लाजा में शनिवार को अभद्र टिप्पणी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक टोल कर्मचारी पर युवती के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा, जिसके बाद नाराज परिजनों ने टोल प्लाजा कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना में करीब 2 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार टोल प्लाजा में कार्यरत रवि शर्मा पर आरोप है कि उसने एक युवती के भाई के सामने युवती के संबंध में अभद्र टिप्पणी की। घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती के भाई ने अपने परिजनों को इसकी सूचना दी और बाद में पुलिस को भी अवगत कराया।

बताया जा रहा है कि युवती का भाई, उसके पिता और कुछ अन्य लोग रवि शर्मा की तलाश में टोल प्लाजा पहुंचे। रवि शर्मा के वहां नहीं मिलने पर गुस्साए लोगों ने टोल प्लाजा के कार्यालय में प्रवेश कर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

तोड़फोड़ के दौरान कार्यालय में लगी एलईडी टीवी, सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार घटना में करीब 2 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

सूचना मिलते ही नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने टोल कर्मचारी और दूसरे पक्ष की शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें