CG : नशे में स्कूल पहुंचने वाले प्रधान पाठक निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने लिया एक्शन
सूरजपुर। जिले में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले प्रधान पाठक हरिनंदन सिंह को आखिरकार निलंबित कर दिया गया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हरिनंदन सिंह शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। इस दौरान उनका व्यवहार असामान्य था और वे स्कूल परिसर में जमीन पर लेट गए। ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।
वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रधान पाठक हरिनंदन सिंह को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। विभाग का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में अनुशासन और शिक्षकों की जिम्मेदारी सर्वोपरि है तथा इस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।