CG: ढाबे में बिक रही थी MP की शराब, आबकारी विभाग ने मारा छापा, एक गिरफ्तार
सरगुजा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग के द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने देर रात साँडबहार स्थित सोनू ढाबा में दबिश देकर दूसरे राज्य से लाई गई शराब और बीयर की बोतल जब्त की है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब की खरीद-फरोख्त के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी । आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि एक होटल में मध्य प्रदेश से लाई गई शराब और बीयर की अवैध रूप से बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी शीला बड़ा के नेतृत्व में टीम ने देर रात होटल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश की शराब की बोतलें और बीयर कैन बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर आगे की कार्यवाही की गई हैं।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी शीला बड़ा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से शराब की आवक एक बड़ी चुनौती है और सीमावर्ती बैरियरों पर सघन जांच की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री, परिवहन या भंडारण में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।