स्वामी आत्मानंद स्कूल में पालकों का हंगामा, 9वीं-11वीं के बड़ी संख्या में छात्र फेल होने पर दोबारा परीक्षा की मांग
भिलाई : भिलाई के तिलक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में पालक स्कूल पहुंच गए। पालकों ने आरोप लगाया कि कक्षा 9वीं और 11वीं के आधे से अधिक छात्रों को अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया है, जिससे उनके बच्चों का एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने फेल छात्रों के लिए एक और अवसर देते हुए पुनः परीक्षा आयोजित कराने की मांग की।
9वीं और 11वीं के कई छात्र हुए अनुत्तीर्ण
जानकारी के अनुसार, कक्षा 9वीं के 71 छात्रों में से 27 और कक्षा 11वीं के करीब 40 छात्रों में से 21 छात्र अनुत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। परिणाम घोषित होने के बाद नाराज पालकों ने स्कूल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
पालकों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के फेल होने से उनके भविष्य पर असर पड़ेगा। उन्होंने शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन से मानवीय आधार पर एक और अवसर देने की मांग की।
प्राचार्या बोलीं- नियमों के अनुसार नहीं हो सकती दोबारा परीक्षा
हंगामे के बाद स्कूल की प्राचार्या श्रद्धा गौराहा ने पालकों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि छात्रों को पहले मुख्य परीक्षा और उसके बाद अवसर (सेकेंड चांस) परीक्षा का अवसर दिया जा चुका है।
प्राचार्या के अनुसार, शिक्षा विभाग के निर्धारित नियमों के तहत अवसर परीक्षा में भी असफल रहने वाले छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने का कोई प्रावधान नहीं है। इसलिए स्कूल प्रबंधन नियमों के अनुरूप ही कार्रवाई कर रहा है।
पालकों ने की मानवीय आधार पर राहत की मांग
हालांकि, पालकों ने स्कूल प्रबंधन से छात्रों के भविष्य को देखते हुए विशेष परिस्थितियों में एक और परीक्षा आयोजित करने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि एक अतिरिक्त अवसर मिलने से कई छात्रों का शैक्षणिक वर्ष बच सकता है।
फिलहाल, इस मामले में स्कूल प्रबंधन और पालकों के बीच सहमति नहीं बन सकी है। वहीं, पालक शिक्षा विभाग से हस्तक्षेप कर छात्रों के हित में निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं।