सक्ती में सनसनी: तीन दिन से लापता 9वीं के छात्र का शव खेत मे... - CG Sandesh

सक्ती में सनसनी: तीन दिन से लापता 9वीं के छात्र का शव खेत में गड्ढे में दफन मिला, एक संदिग्ध हिरासत में

सक्ती : जिले के परसदाखुर्द गांव में तीन दिन से लापता 9वीं कक्षा के छात्र का शव खेत में गड्ढे में दफन मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कपिल कुमार केवट (पिता- शौखी कुमार केवट) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

8 जुलाई की रात से था लापता

परिजनों के अनुसार, कपिल कुमार केवट 8 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर ग्राम सरपंच के माध्यम से सक्ती थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने शुरुआती जांच में गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे समय पर छात्र का पता नहीं चल सका।

खेत में गड्ढे से बरामद हुआ शव

शनिवार को गांव के एक खेत में गड्ढे में दफन छात्र का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शव को गड्ढे से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक संदिग्ध हिरासत में, हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही छात्र की मौत के कारण और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।



अन्य सम्बंधित खबरें