राजनांदगांव रेंज के नए आईजी अजय यादव ने संभाला पदभार, कानून ... - CG Sandesh

राजनांदगांव रेंज के नए आईजी अजय यादव ने संभाला पदभार, कानून व्यवस्था मजबूत करने पर रहेगा फोकस

राजनांदगांव पुलिस रेंज के नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय यादव ने सोमवार को अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने रेंज के पुलिस अधीक्षकों की समीक्षा बैठक ली और पत्रकारों से चर्चा करते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को अपनी प्राथमिकता बताया।

आईजी अजय यादव ने कहा कि राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में बेहतर कानून व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि पुलिस बल की कमी एक चुनौती है, लेकिन उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर बेसिक पुलिसिंग और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक जिले की जरूरतों के अनुरूप रणनीति बनाकर कार्य किया जाएगा।

शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर आईजी ने कहा कि उपलब्ध यातायात बल का आकलन कर व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

पदभार ग्रहण करने के बाद आईजी अजय यादव ने राजनांदगांव पुलिस रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और कबीरधाम जिले में अपराधों के स्वरूप, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

आईजी ने अधिकारियों को अपराधों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने, लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।



अन्य सम्बंधित खबरें