कांकेर में धान खरीदी घोटाले पर कांग्रेस का चक्का जाम, मुख्य ... - CG Sandesh

कांकेर में धान खरीदी घोटाले पर कांग्रेस का चक्का जाम, मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

कांकेर : जिले के तालाकुर्रा धान खरीदी केंद्र में सामने आए करीब 1 करोड़ 14 लाख 47 हजार रुपये के कथित घोटाले को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को मरकाटोला में चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

कांग्रेस का आरोप है कि उसके आंदोलन की घोषणा के बाद प्रशासन ने देर रात आनन-फानन में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर खानापूर्ति की है, जबकि घोटाले के मुख्य जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है।

3,682 क्विंटल धान की अनियमितता का मामला

जानकारी के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में तालाकुर्रा धान खरीदी केंद्र में 41,223 क्विंटल धान की खरीदी हुई थी, जिसमें से 37,396 क्विंटल धान का परिवहन किया जा चुका था। 7 जुलाई की ऑनलाइन रिपोर्ट में 3,827 क्विंटल धान शेष दर्शाया गया था, लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 314 क्विंटल धान ही मौके पर मिला। इस तरह 3,682 क्विंटल धान की अनियमितता सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.14 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने देर रात खरीदी प्रभारी देवानंद जैन, कंप्यूटर ऑपरेटर सना अली और चौकीदार भूपेंद्र सलाम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि जिले के लगभग 200 धान खरीदी केंद्रों की जांच कराई जाए तो कई और घोटाले सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले पखांजूर में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। उनका आरोप है कि कांग्रेस के आंदोलन के दबाव में एफआईआर तो दर्ज कर ली गई, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी कार्रवाई से बचे हुए हैं।

वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि धान खरीदी में लगातार अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से और बड़ा आंदोलन करेगी।



अन्य सम्बंधित खबरें