छत्तीसगढ़ विधानसभा में जोर-शोर से उठा राम मंदिर के दान की चोर... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ विधानसभा में जोर-शोर से उठा राम मंदिर के दान की चोरी का मामला

छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज राम मंदिर के दान की चोरी का मामला जोर-शोर से उठा। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से चर्चा कराने की मांग की, जिसे विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने अग्राह्य कर दिया। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने शोरशराबा शुरू कर दिया। हंगामे के बीच कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोंक-झोंक होने लगी। इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी। 

वहीं, प्रश्नकाल में आज भाजपा विधायक लता उसेंडी ने कोंडागांव स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में बीएड और डीएड पाठ्यक्रम संचालित नहीं होने, रिक्त पदों पर भर्ती और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन का मामला उठाया। जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और भर्ती से संबंधित किसी प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। प्रश्नकाल के दौरान ही भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने भी प्रदेश में चार वर्षीय बीएड और डीएड पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में सरकार की तैयारियों के बारे में पूछा। 

इस पर उच्च शिक्षा मंत्री ने स्वीकार किया कि प्रदेश के कई महाविद्यालय आवश्यक मानकों के अनुरूप नहीं हैं। राज्य में नई शिक्षा नीति के अनुरूप चार वर्षीय पाठ्यक्रम लागू करने की प्रक्रिया तय करने के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसी तरह, प्रश्नकाल में छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता के प्रावधानों के तहत गांवों के बंदोबस्त का मामला उठा। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कांग्रेस विधायक जनक धु्रव के सवाल के जवाब में बताया कि प्रदेश में सात सौ छियालीस गांव असर्वेक्षित है, जिसमें से तीन सौ इकहत्तर गांवों में सर्वेक्षण प्रक्रियाधीन है। वहीं तीन सौ पहचत्तर ग्रामों में सर्वेक्षण शुरू नहीं हुआ है।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें