अदाणी ग्रुप ने पहली बार भारत के टॉप-10 ब्रांड वैल्यू रैंकिंग... - CG Sandesh

अदाणी ग्रुप ने पहली बार भारत के टॉप-10 ब्रांड वैल्यू रैंकिंग में बनाई जगह

दुनिया की अग्रणी स्वतंत्र ब्रांड वैल्यूएशन कंसल्टेंसी ब्रांड फाइनेंस की 'ब्रांड फाइनेंस इंडिया 100 रिपोर्ट-2026' में अदाणी ग्रुप पहली बार भारत के टॉप-10 ब्रांड्स में शामिल हुआ है। ग्रुप ने एक साल में 13वें से 8वें स्थान पर जगह बनाई है। खास बात यह है कि महज तीन सालों में टॉप-10 तक पहुंचने वाला यह सबसे तेज़ भारतीय कॉर्पोरेट ब्रांड बन गया है। भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में तेज़ी से बढ़ रहे निवेश का असर अब कॉर्पोरेट ब्रांड्स की वैश्विक पहचान पर भी दिखाई देने लगा है। 

रिपोर्ट के अनुसार, अदाणी ग्रुप की ब्रांड वैल्यू बढ़कर 8.48 अरब डॉलर हो गई है, जो पिछले साल के मुकाबले 31.3% अधिक है। भारत के टॉप 20 ब्रांड्स में यह सबसे तेज़ सालाना वृद्धि है। इसी के साथ अदाणी ग्रुप देश का तीसरा सबसे बड़ा कॉर्पोरेट ब्रांड बन गया है। पिछले एक साल में ग्रुप की ब्रांड वैल्यू में 2.02 अरब डॉलर की वृद्धि हुई, जो साल 2022 में उसकी कुल ब्रांड वैल्यू से भी ज्यादा है। वहीं पिछले तीन सालों में ग्रुप ने भारत के शीर्ष ब्रांड्स की लिस्ट में सबसे तेज़ प्रगति दर्ज की है।

एनर्जी बिजनेस ने दिलाई सबसे बड़ी पहचान

इस साल की रैंकिंग में सबसे शानदार उपलब्धि अदाणी पावर के नाम रही। कंपनी की ब्रांड वैल्यू 152% बढ़कर 1.8 अरब डॉलर पहुंच गई, जिससे वह भारत का नंबर-1 एनर्जी ब्रांड बन गया। इसके साथ ही अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस भी देश के टॉप 5 एनर्जी ब्रांड्स में शामिल हुए हैं, जबकि अदाणी टोटल गैस ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

एनर्जी क्षेत्र में यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है, जब भारत बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, रिन्यूएबल एनर्जी, ट्रांसमिशन और एनर्जी स्टोरेज नेटवर्क पर बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है।
ब्रांड फाइनेंस सिर्फ फाइनेंशियल परफॉर्मेंस के आधार पर रैंकिंग जारी नहीं करता। उसकी वैश्विक कार्यप्रणाली में उपभोक्ता धारणा, ब्रांड की विश्वसनीयता, बाजार में प्रभाव, भविष्य की आय क्षमता और ब्रांड की पूरी मजबूती जैसे कई मानकों का मूल्यांकन किया जाता है। इसी का परिणाम है कि अदाणी ग्रुप का ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स (BSI) बढ़कर 84 पर पहुंच गया है। इस श्रेणी में समूह ने आठ स्थानों की छलांग लगाई और भारत के शीर्ष 20 ब्रांड्स में सबसे तेज़ सुधार दर्ज किया।

ब्रांड फाइनेंस एशिया-प्रशांत के प्रबंध निदेशक एलेक्स हेग के अनुसार, अदाणी ग्रुप का टॉप-10 में पहुंचना इस बात का संकेत है कि समूह भारत की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में उसका विस्तार उसकी ब्रांड पहचान को लगातार मजबूत कर रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि भारत की अगली विकास यात्रा का केंद्र इंफ्रास्ट्रक्चर, क्लीन एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल कनेक्टिविटी और मैन्युफैक्चरिंग होगा। 'ब्रांड फाइनेंस इंडिया 100 रिपोर्ट 2026' के अनुसार, इस वर्ष भारत के टॉप 100 ब्रांड्स की कुल ब्रांड वैल्यू बढ़कर 252.8 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।


अन्य सम्बंधित खबरें