भिलाई नगर निगम की नई आयुक्त सुरूचि सिंह एक्शन मोड में, सफाई व्यवस्था और नालों का किया निरीक्षण
भिलाई नगर निगम की नवनियुक्त आयुक्त सुरूचि सिंह ने पदभार ग्रहण करते ही शहर की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सोमवार को शहर की सफाई व्यवस्था, नाला सफाई और विभिन्न जनसुविधाओं का मौके पर जाकर निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सबसे पहले आयुक्त ने नेहरू नगर स्थित एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कचरा पृथक्करण (सेग्रिगेशन) की व्यवस्था का जायजा लिया और स्वच्छता दीदियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद एम.जे. कॉलेज के पास स्थित कोसा नाला पहुंचकर बारिश के मौसम को देखते हुए नियमित सफाई और जलभराव रोकने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के अगले चरण में आयुक्त जोन-2 पहुंचीं, जहां उन्होंने एसएलआरएम सेंटर, नवनिर्मित डॉग हाउस और गोठान का निरीक्षण किया। डॉग हाउस में आवारा कुत्तों के रखरखाव, टीकाकरण और बंध्याकरण की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। वहीं गोठान में मवेशियों के लिए चारा, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त सुरूचि सिंह ने कहा कि शहर की स्वच्छता, सुचारु ड्रेनेज सिस्टम और बेहतर नागरिक सुविधाएं उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।