दुर्ग : नियमितीकरण की मांग पर अतिथि शिक्षकों का आंदोलन जारी, 16 जुलाई को विधानसभा घेराव की तैयारी
दुर्ग : नियमितीकरण और 'समान काम के लिए समान वेतन' की मांग को लेकर राज्य के अतिथि शिक्षकों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलनरत शिक्षकों ने अब अपनी मांगों को लेकर 16 जुलाई को रायपुर में विधानसभा घेराव करने की तैयारी शुरू कर दी है।
दुर्ग के हिंदी भवन के सामने पिछले 14 दिनों से अतिथि शिक्षक धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
अतिथि शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का स्थानीय निवास दुर्ग में होने के कारण उनसे लगातार संवाद स्थापित करने और अपनी समस्याओं से अवगत कराने की कोशिश की गई, लेकिन अभी तक मांगों के समाधान की दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। इससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
संघ का कहना है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में 16 जुलाई को प्रदेशभर के अतिथि शिक्षक रायपुर पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे और सरकार से नियमितीकरण तथा समान वेतन की मांग उठाएंगे।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिला अतिथि शिक्षक भी पुरुष शिक्षकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन में शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से जारी धरने के कारण कई शिक्षकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं की अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।