बसना : शिवरीनारायण मेला स्थल में बनी गांजा तस्करी की योजना, पुलिस ने किया तस्करों का प्लान फेल
बसना पुलिस ने बीती रात गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 लाख रूपये का गांजा बरामद किया है. मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात मुखबिर की सुचना पर पुलिस ने पलसापाली बैरियर पहुंचकर नाकेबंदी की. कुछ देर बाद मुखबीर के बताये अनुसार एक सफेद रंग का महेन्द्रा बोलेरो क्रमांक CG10AB6529 आया, वाहन में चालक धनीराम साहू पिता तुलस राम साहू उम्र 31 साल निवासी लोहरसी(सोन) थाना पचपेड़ी बिलासपुर (छ.ग.) था. पूछताछ करने पर वह गोलमोल जवाब देने लगा. कडाई से पूछने पर गांजा ले जाना स्वीकार किया.
पूछताछ के दौरान उसने बताया कि नायक भैया नाम का एक व्यक्ति जिसे वह शिवरीनारायण मेला स्थल में एक सप्ताह पूर्व मिला था और वहीं पर गांजा लाने की योजना बनाये थे. उसी दिन नायक भैया ने एक नोकिया कंपनी का की-पैड मोबाईल दिया जिसमें धनीराम ने अपना सिम कार्ड लगाया. धनीराम 14 जुलाई 2026 को सुबह पुन: नायक भैया से शिवरीनारायण में मिला था.
वह दोपहर को बसना पहुंचा फिर एक नंबर से उसे फोन आया उक्त व्यक्ति ने अपने को ओडिसा का निवासी होना व नायक भैया द्वारा नंबर देना बताया. ओडिसा निवासी के बताये जगह पर धनीराम पहुंचा. जगह जंगल जैसा था. वहां पर दो व्यक्ति वाहन के पीछे 2 बोरी गांजा लोड किये. जिसे लेकर धनीराम नायक भैया के पास जा रहा था.
पुलिस ने धनीराम के कब्जे से दो प्लास्टिक बोरियों में भरी 50.200 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमती 25 लाख रूपये, एक नग नोकिया कंपनी का की-पेड मोबाईल कीमती 500 रूपया, घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग का महेन्द्रा बोलेरो क्रमांक CG10AB6529 कीमती 3 लाख रूपये जुमला कीमती 28,00,500 रूपये जप्त किया गया. आरोपी के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(C) नारकोटिक्स एक्ट कायम किया गया.
=