धमतरी : दो साल से अधूरा पड़ा बोराई विद्युत सबस्टेशन, लो वोल्... - CG Sandesh

धमतरी : दो साल से अधूरा पड़ा बोराई विद्युत सबस्टेशन, लो वोल्टेज और बिजली संकट से ग्रामीण परेशान; आंदोलन की चेतावनी

नगरी/धमतरी : धमतरी जिले के नगरी विकासखंड मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर और जिले के अंतिम छोर पर स्थित बोराई ग्राम पंचायत सहित आसपास के गांवों में बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। अनियमित बिजली आपूर्ति और लो वोल्टेज से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई बार घंटों नहीं, बल्कि कई-कई दिनों तक बिजली गुल रहती है। वहीं लो वोल्टेज के कारण घरेलू बिजली उपकरण ठीक से काम नहीं करते। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है, जिन्हें बिजली नहीं रहने पर दीपक और मोमबत्ती की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ रही है।

बिजली संकट का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। सिंचाई कार्य प्रभावित होने के साथ ही पेयजल व्यवस्था में भी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य भी पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण धीमी गति से चल रहे हैं।

ग्राम पंचायत बोराई के सरपंच माखन लाल सलाम, युवा नेता मनोज साक्षी और ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी बिजली समस्या को देखते हुए वर्ष 2023 में बोराई में विद्युत सबस्टेशन निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति मिली थी। यह परियोजना वर्ष 2024 तक पूरी होनी थी, लेकिन निर्माण एजेंसी की कथित लापरवाही के चलते अब तक काम पूरा नहीं हो सका।

ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे सबस्टेशन का खामियाजा बोराई सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने शासन और विद्युत विभाग से जल्द निर्माण कार्य पूरा कर क्षेत्र में सुचारु बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सबस्टेशन का निर्माण पूरा कर लो वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।



अन्य सम्बंधित खबरें