राम मंदिर चंदा और चढ़ावा चोरी के कथित मामले पर कांग्रेस का हमला, न्यायिक जांच और ट्रस्ट भंग करने की मांग
बालोद : अयोध्या के राम मंदिर में चंदा और चढ़ावा चोरी के कथित मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय (राजीव भवन) में आयोजित पत्रकार वार्ता में महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए मामले की न्यायिक जांच कराने और संबंधित ट्रस्ट को भंग करने की मांग की।
विनोद चंद्राकर ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर वर्षों से देशभर के श्रद्धालुओं से चंदा एकत्र किया गया, लेकिन अब तक उसका पूरा हिसाब-किताब सार्वजनिक नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंदे और चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मामले में स्पष्ट स्थिति रखने और श्रद्धालुओं के बीच उत्पन्न हुए संदेह को दूर करने की मांग भी की।