नगरी में आवारा कुत्तों पर शुरू हुआ 'ऑपरेशन सेफ्टी', वैक्सीने... - CG Sandesh

नगरी में आवारा कुत्तों पर शुरू हुआ 'ऑपरेशन सेफ्टी', वैक्सीनेशन और नसबंदी अभियान से मिलेगी राहत

नगरी/धमतरी : नगर पंचायत नगरी ने आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान शुरू किया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) नियम-2023 के तहत चलाए जा रहे इस अभियान के पहले चरण में 9 आवारा कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर एंटी रेबीज वैक्सीनेशन, नसबंदी (स्टेरलाइजेशन) और डी-वॉर्मिंग के लिए भेजा गया।

धमतरी नगर निगम की विशेषज्ञ टीम ने नगर पंचायत और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विभिन्न वार्डों का सर्वे किया। अभियान से पहले ऐसे आवारा और आक्रामक कुत्तों की पहचान की गई, जिनकी वजह से बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। चिन्हित कुत्तों को मानवीय तरीके से पकड़कर स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रियाओं के लिए भेजा गया।

नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि यह अभियान पशुओं के खिलाफ नहीं, बल्कि मानव सुरक्षा और पशु कल्याण दोनों को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नसबंदी से आवारा कुत्तों की अनियंत्रित बढ़ती संख्या पर नियंत्रण होगा, जबकि एंटी रेबीज वैक्सीनेशन और डी-वॉर्मिंग से उनके स्वास्थ्य में सुधार होगा और रेबीज जैसी गंभीर बीमारी के खतरे को कम किया जा सकेगा।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि कई वार्डों में रात के समय आवारा कुत्तों के झुंड राहगीरों का पीछा करते हैं और काटने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। ऐसे में यह अभियान लोगों के लिए राहत भरा कदम साबित हो सकता है।

नगर पंचायत ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों और ABC नियम-2023 के अनुरूप यह अभियान आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। इसका उद्देश्य केवल आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करना नहीं, बल्कि नगरी को रेबीज मुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ बनाना भी है।



अन्य सम्बंधित खबरें