चिरमिरी में अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, वन विभाग ने भारतीय ... - CG Sandesh

चिरमिरी में अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम के तहत की कार्रवाई

एमसीबी/चिरमिरी : एमसीबी जिले के चिरमिरी वन परिक्षेत्र के दुबछोला गांव में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से सेमर प्रजाति की लकड़ी से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। जब्त वाहन का पंजीयन क्रमांक UP-64 H-9748 है। लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने ट्रक को कब्जे में लेकर भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन विभाग के अनुसार जिले के जंगलों से अवैध पेड़ कटाई और लकड़ी तस्करी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। आरोप है कि जंगलों से कीमती लकड़ियां काटकर रात के अंधेरे में दूसरे राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, भेजी जाती हैं। हालांकि विभाग समय-समय पर कार्रवाई करता है, लेकिन लकड़ी तस्करी पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग सका है।

इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चिरमिरी रेंज की टीम ने दुबछोला गांव में दबिश दी। जांच के दौरान ट्रक में सेमर प्रजाति की लकड़ी लदी मिली। चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने ट्रक और लकड़ी को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।

चिरमिरी रेंज के रेंजर टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि गश्त के दौरान संदिग्ध ट्रक की जांच की गई। लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत ट्रक और लकड़ी को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



अन्य सम्बंधित खबरें