खैरागढ़ : KCC लोन दिलाने का झांसा देकर किसान से 16.40 लाख की... - CG Sandesh

खैरागढ़ : KCC लोन दिलाने का झांसा देकर किसान से 16.40 लाख की ठगी, फर्जी बैंक कर्मचारी गिरफ्तार

खैरागढ़ : किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर एक किसान से 16 लाख 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर किसान का विश्वास जीता और लोन स्वीकृत कराने के नाम पर लाखों रुपये हड़प लिए।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गर्रा निवासी दिनाराम जंघेल (55 वर्ष) ने थाना छुईखदान में शिकायत दर्ज कराई थी कि अर्पित देवांगन (28 वर्ष), निवासी दुर्गा चौक, राजनांदगांव ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताते हुए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन दिलाने और बैंक में राशि जमा कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में कुल 16.40 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो लोन स्वीकृत कराया और न ही रकम वापस की।

शिकायत के आधार पर थाना छुईखदान में 14 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 261/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) में मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना छुईखदान पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपी का पता लगाकर 16 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे उपजेल सलोनी न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंकिंग या लोन से जुड़े किसी भी प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले संबंधित बैंक से उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक कर्मचारी समझकर नकद या ऑनलाइन राशि देने से बचें और संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।



अन्य सम्बंधित खबरें