नारायणपुर : दुर्गम कोहकापार में पहली बार पहुंची शिक्षा की रो... - CG Sandesh

नारायणपुर : दुर्गम कोहकापार में पहली बार पहुंची शिक्षा की रोशनी, ‘स्कूल केइंता’ अभियान के तहत खुली प्राथमिक शाला

नारायणपुर : जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र के बच्चों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ‘स्कूल केइंता’ अभियान के तहत ग्राम कोहकापार में पहली बार प्राथमिक शिक्षा की शुरुआत हुई है। अब तक इस गांव में कोई विद्यालय नहीं था, जिसके कारण बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाते थे।

जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित इस दुर्गम गांव तक पहुंचने के लिए कलेक्टर नम्रता जैन ने नदी-नाले, पहाड़, जंगल और कठिन पगडंडी रास्तों को पार करते हुए बाइक से यात्रा की। गांव पहुंचकर उन्होंने नवप्रारंभ प्राथमिक शाला का शुभारंभ किया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

जिला प्रशासन द्वारा ‘स्कूल केइंता’ अभियान के तहत घर-घर शैक्षणिक सर्वेक्षण कर विद्यालय से वंचित बच्चों की पहचान की गई थी। इसी सर्वे के आधार पर ग्राम कोहकापार में प्राथमिक शाला शुरू की गई।

विद्यालय के पहले ही दिन 21 बच्चों का नामांकन हुआ, जिनमें 11 छात्राएं और 10 छात्र शामिल हैं। कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी बच्चों का पारंपरिक रूप से मुकुट पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें स्कूल बैग और पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं।

इस अवसर पर कलेक्टर ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गांव के घोटूल में संचालित कक्षा में स्वयं बच्चों को पढ़ाकर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई।

जिला प्रशासन का कहना है कि ‘स्कूल केइंता’ अभियान का उद्देश्य अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे।



अन्य सम्बंधित खबरें