दुर्ग : निकुम धान उपार्जन समिति में फिर गड़बड़ी, 116 क्विंटल धान की कमी पर प्रबंधक और प्राधिकृत अध्यक्ष समेत अन्य के खिलाफ FIR
दुर्ग : जिले की निकुम धान उपार्जन समिति एक बार फिर धान खरीदी में कथित गड़बड़ी को लेकर चर्चा में है। भौतिक सत्यापन के दौरान धान की कमी पाए जाने के बाद अंडा थाना पुलिस ने तत्कालीन समिति प्रबंधक, प्राधिकृत अध्यक्ष समेत अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इससे पहले भी इसी समिति में हजारों क्विंटल धान की कमी का मामला सामने आ चुका है।
जानकारी के अनुसार, निकुम धान उपार्जन समिति के भौतिक सत्यापन के दौरान करीब 116 क्विंटल धान की कमी पाई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर अंडा थाना में तत्कालीन समिति प्रबंधक घनश्याम बेलचंदन, भाजपा नेता एवं समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष भैयालाल साहू सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी समिति में करीब 3400 क्विंटल धान की कमी का मामला सामने आया था। आरोप है कि उस समय तत्कालीन समिति प्रबंधक और प्राधिकृत अधिकारी ने मामले की भरपाई कर लीपापोती कर दी थी।
अब एक बार फिर धान की कमी उजागर होने और एफआईआर दर्ज होने से समिति की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, इस मामले में जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, उनका पक्ष अभी सामने नहीं आया है। उनके बयान या प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.