कांकेर : लॉयड्स मेटल्स पर ग्रामीणों की उपेक्षा का आरोप, शिवसेना ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
पखांजुर (कांकेर) : उत्तर बस्तर कांकेर जिले के पखांजुर में शिवसेना छत्तीसगढ़ प्रदेश की जिला इकाई ने लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड (LMEL) के खिलाफ ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कंपनी पर स्थानीय ग्रामीणों और किसानों की उपेक्षा, पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिवसेना पदाधिकारियों का आरोप है कि कंपनी की परियोजनाओं के संचालन से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कई समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़कों की स्थिति खराब हो गई है, जबकि उड़ती धूल और बढ़ते प्रदूषण से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कंपनी की गतिविधियों से किसानों की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। संगठन का कहना है कि कंपनी ने स्थानीय लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अधिकांश पदों पर बाहरी लोगों की नियुक्ति की जा रही है। इससे क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है। शिवसेना ने स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की मांग की है।
इसके अलावा संगठन ने आरोप लगाया कि खनन और परिवहन गतिविधियों के कारण पर्यावरण प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने, प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा भारी वाहनों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित कंपनी की होगी।