भिलाई में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात कार की टक्कर से स्कूटी सवा... - CG Sandesh

भिलाई में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो छात्र गंभीर, चालक फरार

भिलाई : शहर के गैरेज रोड पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। एक अज्ञात कार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी (ईवी) पर सवार दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए, जबकि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र अपनी परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। गैरेज रोड पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायल छात्रों को तत्काल सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार वाहन की पहचान कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने हादसे को देखा है या संबंधित वाहन के बारे में कोई जानकारी है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



अन्य सम्बंधित खबरें