बालोद : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोद रेलवे स्टेशन का ... - CG Sandesh

बालोद : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

बालोद : जिले को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुनर्विकसित बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण किया। करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का आधुनिकीकरण किया गया है, जिससे यात्रियों को अब पहले से बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बालोद रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। स्टेशन पर नया कॉनकोर्स, आधुनिक प्रतीक्षालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और उन्नत प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों की यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगी।

कार्यक्रम के दौरान सांसद भोजराज नाग ने इसे बालोद जिले के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी तथा लोगों को बेहतर रेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर अमृत भारत स्टेशन योजना से संबंधित पेंटिंग, निबंध और अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले स्कूली छात्रों को भी सम्मानित किया गया।

वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर, एसपी, रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया।



अन्य सम्बंधित खबरें