IMD का अलर्ट: पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक बारिश की चेतावनी, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भी भारी वर्षा के आसार
नई दिल्ली : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और सिक्किम में अगले दो दिनों के दौरान बहुत तेज और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में रविवार तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं बिहार, मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, केरल, माहे, ओडिशा और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी शनिवार को तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा विभाग ने सोमवार तक तटीय आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका व्यक्त की है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और विदर्भ में भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।
वहीं, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में शनिवार को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।